
छिंदवाड़ा। गुमशुदा लोगों की तलाश में उमरानाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अलग-अलग मामलों में लापता हुई दो महिलाओं को महाराष्ट्र के नागपुर और मध्यप्रदेश के विदिशा जिले से सकुशल दस्तयाब कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय से तलाश कर रहे परिजनों ने अपनों के वापस मिलने पर खुशी जाहिर की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के निर्देशन तथा डीएसपी सुनील बरकड़े एवं मोहखेड़ थाना प्रभारी सुनील उईके के मार्गदर्शन में गुमशुदाओं की तलाश की जा रही थी। उमरानाला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों मामलों में लगातार पतासाजी की। इस दौरान तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचनाओं को आधार बनाकर तलाश अभियान आगे बढ़ाया गया।
पुलिस टीम ने अपराध क्रमांक 547/26 के तहत दर्ज गुमशुदगी के मामले में महिला को नागपुर (महाराष्ट्र) से दस्तयाब किया। वहीं, अपराध क्रमांक 545/26 के मामले में दूसरी महिला को थाना दीपनाखेड़ा, जिला विदिशा से सकुशल खोज निकाला। दोनों महिलाओं को सुरक्षित छिंदवाड़ा लाकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
टीम के प्रयासों को मिली सराहना
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश साहू, प्रधान आरक्षक नितेश पटेल, हेमंत इंदूरकर, महिला आरक्षक तमन्ना उईके और प्रतिभा आमरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गुमशुदाओं को तलाश कर सकुशल परिजनों से मिलाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।
