कुरावर/ब्यावरा। विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा ठेकेदार के माध्यम से जिले के विभिन्न स्थानों पर स्मॉर्ट मीटर लगाने का कार्य किया जा रहा है किंतु अधिकांश जगह स्मॉर्ट मीटर लगाने का विरोध होना सामने आया है. अब कुरावर में स्मॉर्ट मीटर लगाने का विरोध करते हुए उपभोक्ताओं ने विद्युत कार्यालय पहुंचकर आवेदन देते हुए कहा है कि स्मॉर्ट मीटर को लेकर विसंगतियां सामने आ रही है, भारी भरकम राशि के बिल आ रहे है, स्मॉर्ट मीटर नहीं लगाए जाये. पूर्व के लगे मीटर ही यथावत रखे जाये.
नगर के वार्ड नंबर 5 में स्मॉर्ट मीटर लगाए जाने पर उपभोक्ता एकत्रित होकर विद्युत कार्यालय पहुंचे तथा कहा कि यहां अधिकांशत मध्यम वर्गीय उपभोक्ता निवास करते है, वह स्मार्ट मीटर के भारी भरकम बिल का भार नहीं उठा सकेंगे. आवेदन देते हुए हवाला दिया गया है कि पुराने बिजली उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य नहीं है. उपभोक्ता की इच्छा पर है कि वह स्मार्ट मीटर लगवाए या नहीं. वह चाहे तो स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के कर्मचारियों को मना कर सकते है.
बिना मकान मालिक की अनुमति के लगा रहे मीटर
स्मार्ट मीटर लगाने पर विरोध जताते हुए आज विद्युत मंडल पहुंचकर उपभोक्ताओं ने आवेदन दिया और विद्युत मंडल से अपील की है की स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जाए जो पुराने मीटर है वही मीटर रहने दिए जाए. उपभोक्ताओं का कहना है कि ठेकेदार के कर्मचारी बिना मकान मालिक की अनुमति या उसे बताएं बगैर ही जबरन स्मार्ट मीटर लगा रहा है जो कि गलत है. वार्ड वासी दुर्गा प्रसाद शर्मा, प्रेम जैसवाल, पप्पू दादा, आत्माराम पटेल, अवध नारायण चंद्रवंशी, महेंद्र कारपेंटर, संतोष विश्वकर्मा, सुनील, भारत सिंह, नंदकिशोर, ओमप्रकाश महेश्वरी आदि उपभोक्ता इस दौरान मौजूद रहे. साथ ही कहा गया है कि बावजूद इसके जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे तो इसके विरोध में आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा.
