नयी दिल्ली, 05 नवंबर (वार्ता) निजी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 14,126 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 26. 7 फीसदी अधिक है। कंपनी ने गुरुवार को निदेशक मंडल की बैठक के बाद वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसने बताया कि दूसरी तिमाही में उसका समेकित राजस्व 16.7 फीसदी बढ़कर 58,539 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान उसके सबस्क्राइबरों की संख्या में 11.1 प्रतिशत का इजाफा हुआ और तिमाही के अंत में उसके कुल 6,80,889 सबस्क्राइबर थे। भारत में सबस्क्राइबरों की संख्या 4,91,890 और अफ्रीका में 1,88,999 थी। इनमें क्रमशः 10.9 फीसदी और 11.6 फीसदी की वृद्धि देखी गई।
भारती एयरटेल के कार्यकारी उपाध्यक्ष गोपाल विट्टल ने कहा कि दूसरी तिमाही का परिणाम कंपनी के विविध पोर्टफोलियो की मजबूती को दर्शाता है। अफ्रीका में तिमाही के दौरान शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जहां स्थिर मुद्रा के आधार पर राजस्व में 6.7 प्रतिशत की तिमाही-दर-तिमाही वृद्धि हुई। पूरे समूह में तालमेल से अब ठोस परिचालन लाभ भी मिलने लगे हैं। भारत के कारोबार में पिछली तिमाही के मुकाबले 2.7 प्रतिशत की मजबूत राजस्व वृद्धि दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि भारत के मोबाइल कारोबार में पहली तिमाही के मुकाबले 3.4 प्रतिशत की राजस्व वृद्धि हुई। इसके पीछे कंपनी की पोर्टफोलियो को प्रीमियम बनाने और बेहतर गुणवत्ता वाले ग्राहकों को जोड़ने की रणनीति रही।
आलोच्य तिमाही में कंपनी ने रिकॉर्ड 12 लाख नए पोस्टपेड ग्राहक जोड़े। इसी दौरान, 29 लाख स्मार्टफोन डेटा ग्राहक भी जुड़े। कंपनी का प्रति यूजर औसत राजस्व 271 रुपये तक पहुंच गया।

