इंदौर: दिवाली से पहले बाजार में रौनक, सजी हुई दुकानें और दुकानों पर भीड़ दिखाई देने लगी है. राजबाड़ा, महारानी रोड़, विजय नगर, पाटनीपुरा क्षेत्र में लगी दुकानों पर रंग-बिरंगे दिये, दिवाली डेकोरेशन सामग्री, झालर लाइटिंग और पूजन सामग्री खरीदने वालों की भीड़ पहुंचने लगी है. यह दिवाली स्थानीय व्यापारियों के लिए भी अहम है.
छोटी दुकानें लगाने वाले व्यापारियों को उम्मीद है कि दीवाली के दौरान ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही से उनकी बिक्री में इजाफा होगा. खास तौर पर पारंपरिक और सजावटी सामान बेचने वालों के लिए यह समय साल के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी दिनों में शामिल है.
दिवाली पर केवल शहर के दुकानदार ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों से आने वाले छोटे व्यापारियों ने भी दुकाने लगाई है. कई लोग अस्थायी दुकानों में मिट्टी के पारंपरिक सामान और सजावटी वस्तुएं बेच रहे हैं. पूजन सामग्री, लक्ष्मी-गणेश के चित्र, स्टीकर, पोस्टर और अन्य सजावटी वस्तुएं उपलब्ध हैं. गोबर से बनी आकृतियां और कुबेरजी की प्रतिमाएं भी दुकानों पर रखी गई हैं. बाजारों में घरों को सजाने के लिए चमकदार लाइटिंग और नए डिजाइन वाली झालर लाइटिंग ग्राहकों का ध्यान खींच रहे हैं. इस बार सजावट के सामान में नए पैटर्न और बेहतर फिनिशिंग वाले उत्पाद भी दिखाई दे रहे लेकिन महंगे होने की वजह से ग्राहकी उतनी नहीं है.
फिर भी व्यापारियों को उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली के करीब आने के साथ इन वस्तुओं की मांग बढ़ेगी. ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के मुताबिक छोटे-बड़े उत्पादों का चुनाव कर रहे हैं. वहीं खरीदारी करने पहुंचे महेश शर्मा ने बताया कि दीपावली पर पूजन के साथ सजावट का महत्व है. पारंपरिक सजावट की बात ही अलग है इसलिए मैं उसी को प्राथमिकता दे रहा हूं. आधुनिक डेकोरेटिव आइटम महंगे भी है इसलिए परंपरागत झालर दे रहा हूं. साथ ही सुंदर प्रतिमाओं की तलाश कर रहा हूं.
रविवार से बाजार चढ़ा….
आस्थायी दुकान लगाने वाले विकास कश्यप के अनुसार इस दिवाली दुकानें थोड़े दिन पहले ही लगा ली थी इस कारण शुरुआती दिनों में बाजार ठंडा था. रविवार से बाजार में तेजी आई है. वो दुकान पर डिज़ाइनर दिए, दिवाली का पाना, गुड़िया और घर गुल्ले बेच रहे हैं.
डेकोरेशन आइटम्स महंगे हुए इसलिए ग्राहकी घटी
दिवाली डेकोरेशन आइटम्स के व्यापारी शुभम अग्रवाल नें बताया कि बाजार में रौनक और भीड़ तो है लेकिन वैसी ग्राहकी नहीं है। उनके यहां भी पर इतनी ग्राहकी नहीं है. डेकोरेशन आइटम्स, तोरण व अन्य सामान महंगा होने की वजह से ज्यादातर ग्राहक भाव पूछकर बिना खरीदी करें जा रहे हैं.
लाइटिंग झालर के बाजार में तेजी
साउंड एंड लाइटिंग एमपोरियम के जितेन्द्र सागर का कहना है कि झालर लाइटिंग के लिए फेमस महारानी रोड़ मार्केट में तेजी आई है. 4-5 दिन से बाजार में भीड़ बढ़ी है. इस बार पिछली दिवाली से ज्यादा ग्राहकी होने की संभावना है.
