इंदौर: बुधवार को नगरीय प्रशासन मंत्री मेट्रो अंडर ग्राउंड टनल का निरीक्षण करने पहुंचे. टनल का काम इतना सुचारू रूप से और बिना वाइब्रेशन का होता देख बहुत खुश हुए. इस दौरान उन्होंने मेट्रो अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दिवाली मिलन कर मिठाई भी खिलाई. खास बात यह है कि मेट्रो अंडर ग्राउंड टनल थाईलैंड की मशीन बना रही है.
इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो टनल निर्माण का काम थाईलैंड की ट्रेराकॉम कंपनी की मशीन द्वारा किया जा रहा है. उक्त टनल बनाने की मशीन भारत में नहीं बनती है. उक्त टनल बनाने वाली मशीन से जमीन के नीचे खुदाई इतना सुचारू रूप से की जा रही है कि मालूम ही नहीं पड़ रहा है कि जमीन में 75 फीट नीचे काम चल रहा है. एयरपोर्ट रोड पर जमीन से करीब 20 मीटर नीचे बन रही टनल में एक दिन में 11 प्रीकास्ट रिंग लगाकर रिकॉर्ड बनाया गया है.
सामान्य तौर पर प्रतिदिन 8 से 9 रिंग लगाने का लक्ष्य रहता है. आज नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने निर्माणाधीन टनल का निरीक्षण किया। मंत्री विजयवर्गीय करीब 1.30 घंटे तक इंजीनियरों के साथ निर्माण की तकनीक और प्रगति की जानकारी लेते रहे. इस दौरान मंत्री आश्चर्यचकित थे कि बिना वाइब्रेशन के मशीन से काम हो रहा है. मंत्री विजयवर्गीय ने मेट्रो रेल के अधिकारियों से काम की जानकारी लेने के बाद पूर्व दिवाली मिलन के साथ मिठाई खिलाई और बांटी. सभी को बधाई दी.
