मोतिहारी, 19 जुलाई (वार्ता) नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी वर्षा का असर अब बिहार के पूर्वी चंपारण जिला में साफ दिखाई देने लगा है और गंडक, बूढ़ी गंडक, सिकरहना, गाद, बहुअरी, तिलावे सहित जिले की एक दर्जन नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।
इस खतरे के संकेत के रूप में सिकरहना नदी का पानी सुगौली नगर परिषद के वार्ड संख्या-1 स्थित नयका टोला में प्रवेश कर गया है, जिसके बाद प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने गंडक नदी के दाहिने तटबंध का निरीक्षण कर तटबंधों की चौबीसों घंटे निगरानी और नियमित पेट्रोलिंग के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने संभावित बाढ़ और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है।
इस खतरे की वजह नेपाल में लगातार हो रही बारिश है, जिसके कारण नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार की शाम सिकरहना नदी का पानी नयका टोला में घुसकर सड़कों और खेतों तक फैल गया। नयका टोला मार्ग पर करीब दो फीट पानी बहने से आवागमन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को घरों से निकलने, दैनिक जरूरत की सामग्री लाने और बच्चों के आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सिकरहना नदी के दक्षिण दिशा में निर्माणाधीन तटबंध पर स्लुइस गेट के लिए छोड़े गए स्थान से भी तेज गति से पानी विशुनपुरवा सरेह की ओर फैल रहा है। वहीं बौधी माई और नासी के समीप भी पानी का तेज बहाव देखा गया है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।
