सीहोर। शहर में जारी विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने विभिन्न वार्डों में निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने वार्ड 1 में पार्टी क्षेत्र में बन रही नाली, वार्ड 2 की देव नगर कॉलोनी में निर्माणाधीन सड़क, वार्ड 23 के संजय नगर में बन रही सड़क एवं वार्ड 22 में बन रही रोड के निर्माण का जायजा लिया.
नपाध्यक्ष ने संबंधित ठेकेदारों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं.
उन्होंने कहा कि नपा द्वारा शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. सड़क, नाली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. निर्माण कार्यों के दौरान नागरिकों की समस्याओं और सुझावों को भी प्राथमिकता दी जाएगी.
