इंदौर:नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा अमृत-2 योजना के अंतर्गत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्यों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान आयुक्त महोदय ने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए.
निगमायक्त ने निरीक्षण के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का जायजा लिया गया. इसके अंतर्गत जावरा कंपाउंड में बिछाई जा रही पाइपलाइन के कार्य को देखा. यहां आयुक्त ने कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने और कार्य समाप्ति के पश्चात स्थल पर साफ-सफाई करने के निर्देश दिए. अंबेडकर नगर क्षेत्र में कार्य में तेजी लाने के निर्देश. छोटी भमोरी में सड़क निर्माण का कार्य प्रस्तावित होने के कारण अर्जेंट वर्क के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाई गई है. आयुक्त ने उक्त पाइपलाइन कार्य का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति व गुणवत्ता का जायजा लिया गया. स्कीम नंबर 113 में निरीक्षण कर कार्य समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए.
स्कीम नंबर 136 में क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या के निराकरण हेतु अर्जेंट वर्क के अंतर्गत डाली जा रही पाइपलाइन का निरीक्षण किया. आयुक्त ने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. आयुक्त ने समस्त संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को निर्देशित किया कि अमृत-2 योजना के अंतर्गत चल रहे सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण किया जाए. कार्यों में गुणवत्ता, समय-सीमा एवं कार्यस्थल की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर एवं निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.
