रास्ता भटके पश्चिम बंगाल के युवक को पुलिस ने परिजनों से मिलाया

जबलपुर। पश्चिम बंगाल से भटककर आए एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को बरगी पुलिस ने सुरक्षित ढूंढकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया है ।

टीआई नीलेश दोहरे ने बताया कि 30 अक्टूबर को सुबह करीब 11:44 बजे सुकरी निवासी तोपन्स भाईराम ने पुलिस को सूचना दी कि एक अज्ञात युवक (30) मानसिक रूप से विक्षिप्त अवस्था में घूम रहा है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआरव्ही की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। शुरुआती पूछताछ में युवक अपना नाम-पता बताने में असमर्थ था, उसने केवल खुद को पश्चिम बंगाल का निवासी बताया। युवक की मानसिक स्थिति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और युवक को तत्काल सुखसागर अस्पताल, मुकुनवारा में सुरक्षार्थ भर्ती कराया, जहाँ उसकी सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया।

ऐसे मिला सुराग

अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस अधिकारियों ने युवक से बेहद संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की। निरंतर प्रयासों के बाद युवक ने अपने पिता का नाम अजीत रूईदास और अपना पता ग्राम पोलर अधिकारी जोरई मंझी पारा पोले, थाना खानाकुल, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल बताया। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के थाना खानाकुल से संपर्क साधा। वहां की स्थानीय पुलिस के सहयोग से युवक के परिजनों को ढूंढा गया और फोन पर उनकी बात युवक से कराई गई। परिजनों ने युवक की पहचान पंचा रूईदास पिता अजीत रूईदास, 27 वर्ष के रूप में की गई और बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है और घर से लापता हो गया था।

खोए हुए बेटे को पाकर परिजनों की आँखें हुई नम

सूचना मिलते ही युवक के परिजन तत्काल जबलपुर के लिए रवाना हुए। युवक के पिता अजीत रूईदास 54 वर्ष, भाई तापोस रूईदास 37 वर्ष और छोटा भाई सौरव 20 वर्ष सुखसागर अस्पताल पहुँचे। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने, वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराने के बाद पंचा रूईदास को सकुशल उसके पिता और भाइयों के सुपुर्द किया गया। अपने खोए हुए बेटे को सही-सलामत पाकर परिजनों की आँखें भर आईं और उन्होंने पुलिस व अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

Next Post

शराब पकड़वाई तो पूरे परिवार की हत्या कर देंगे, धमकाने वाला गिरफ्तार

Tue Nov 3 , 2026
जबलपुर। अवैध शराब का धंधा हम बंद नहीं करेंगे। यदि दोबारा शराब पकड़वाई तो पूरे परिवार की हत्या कर देंगे। यह धमकी एक शराब माफिया ने शराब पकड़वाने के शक में पीडि़त को दी थी। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने […]

You May Like