बुधनी। मध्य प्रदेश के नेशनल हाईवे-46 पर मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मिडघाट के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क से गुजर रहे भेड़ों के झुंड को कुचल दिया। हादसे में करीब 100 भेड़ों की मौत होने की आशंका है, जबकि कई अन्य घायल बताई जा रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भोपाल की ओर से आ रहा कंटेनर भेड़ों के झुंड को रौंदता हुआ निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवे पर दूर-दूर तक भेड़ों के शव बिखर गए। हादसे के बाद सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। मृत भेड़ों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी।
*कंटेनर जब्त, चालक हिरासत में*
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल कंटेनर का नंबर GJ 27 V 9671 है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल, पुलिस मृत भेड़ों की वास्तविक संख्या और हादसे में हुए नुकसान का आकलन कर रही है।
