नयी दिल्ली, 03 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब नेशनल बैंक की ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश स्थित पाई शाखा में हुए 10.24 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में बैंक के एक ऑफिस असिस्टेंट कर्मचारी और उसके एक निजी सहयोगी को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। इस संबंध में गत 29 अक्टूबर को शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ऑफिस असिस्टेंट ने निजी व्यक्ति और अन्य अज्ञात सहयोगियों के साथ मिलकर एक साजिश रची और विभिन्न ग्राहकों के खातों से अनाधिकृत रूप से 10.24 करोड़ रुपये की राशि निकाल ली।
मामले में गिरफ्तार किए गए निजी व्यक्ति के संबंध में सीबीआई मामलों की माननीय विशेष अदालत, पुणे (महाराष्ट्र) से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर लिया गया है। सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।
