
इंदौर. दौलतगंज इलाके में एक युवक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस लेकर घूम रहा था. पुलिस ने उसे पकड़कर हथियार जब्त किए हैं. आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह खाना खाने के लिए रेस्टोरेंट जा रहा था. उसके खिलाफ पहले से जुआ एक्ट का एक मामला भी दर्ज है.
कोतवाली थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पंकज सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध बाइक से दौलतगंज की ओर जा रहा है. उन्होंने बाइक सवार को रोककर तलाशी ली तो उसके पास से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस मिले. इसके बाद बीट के प्रधान आरक्षक कमलेश मस्तकार को मौके पर बुलाया. दोनों पुलिसकर्मी आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचे. पकड़ाए युवक की पहचान अशरफ पिता याकूब, निवासी चंपाबाग के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने बताया कि वह रेस्टोरेंट में खाना खाने जा रहा था. पुलिस उससे हथियार कहां से लाने और अपने पास रखने के संबंध में पूछताछ कर रही है. थाना प्रभारी रविंद्र पाराशर ने बताया कि दौलतगंज में बाइक सवार युवक को रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस मिले हैं, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
