
इंदौर. शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हीरानगर पुलिस ने ऐसे बदमाश को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं. आईएसबीटी-एमआर-10 क्षेत्र से पकड़े गए आरोपी के पास से 11.03 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई है. आरोपी पर हत्या के प्रयास, मारपीट, चोरी और हथियारों से जुड़े मामले भी दर्ज हैं.
हीरानगर थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान आईएसबीटी-एमआर-10 के पास एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से एमडी ड्रग्स बरामद हुई. पूछताछ में उसकी पहचान रोहित उर्फ चिकना पिता रामप्रसाद फुलेरिया, निवासी भागीरथपुरा के रूप में हुई. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की. इस दौरान उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि सांवेर, परदेशीपुरा, एमआईजी, बाणगंगा, महात्मा गांधी रोड, विजय नगर, सेंट्रल कोतवाली और हीरानगर सहित शहर के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ 31 मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, चोरी, हथियार रखने और नशे से जुड़े अपराध शामिल हैं. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि 31 अपराधों में लिप्त आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी से पूछताछ की जा रही उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
