ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, डीजे और मोडिफाइड साइलेंसर पर कार्रवाई

इंदौर. शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है. तेज आवाज में डीजे बजाने वाले संचालकों और बुलेट सहित अन्य वाहनों में मोडिफाइड साइलेंसर लगवाने वालों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है. आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है. इसके तहत शहर के प्रमुख चौराहों और कॉलोनियों में चेकिंग कर बड़ी संख्या में चालान बनाए हैं. न्यायालय के प्रतिबंध और निर्देशों के बावजूद शहर में कई जगह तेज आवाज में डीजे बजाने और वाहनों में तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने की शिकायतें मिल रही थीं. इससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी. खासकर बुजुर्गों, मरीजों और विद्यार्थियों को तेज आवाज के कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.

इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई कर रही हैं. पुलिस ने डीजे संचालकों और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल करने वालों को तय मानकों और समय सीमा का पालन करने की हिदायत दी है. वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों के मौके पर चालान बनाए जा रहे हैं. बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों में तेज आवाज करने वाले मोडिफाइड साइलेंसर लगवाने वालों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया है. पुलिस का यह अभियान शहर के सभी सर्किलों में जारी रहेगा. डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. डीजे संचालकों और मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है. आगामी त्योहारों को देखते हुए चेकिंग बढ़ाई गई है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान बनाए जा रहे हैं और अभियान लगातार जारी रहेगा.

Next Post

त्योहारों पर राजबाड़ा क्षेत्र में वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध

Tue Nov 3 , 2026
इंदौर. त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने राजबाड़ा और आसपास के प्रमुख बाजारों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. इसके तहत राजबाड़ा क्षेत्र को वाहन मुक्त क्षेत्र बनाया है. यहां दोपहिया, तीन पहिया और चार पहिया सहित सभी प्रकार के वाहनों […]

You May Like