वीआईपी कॉलोनियों में सब ओके, स्लम क्षेत्रों में कचरे के ढेर से बेहाल जनता

भोपाल: नगर निगम के वार्ड 46 में एक दर्जन से अधिक छोटी-बड़ी कॉलोनियां हैं। इनमें सीसी रोड, पार्क, जिम, स्ट्रीट लाइट और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए काफी काम किए गए हैं। बिजली और पानी की व्यवस्था से भी लोगों को राहत है। लेकिन वार्ड के कुछ स्लम क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। यहां नालियां कचरे से भरी हैं और जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।
वार्ड में शिवाजी नगर, चार इमली, दुर्गा नगर, प्रियदर्शिनी नगर, ऋषि नगर और अर्जुन नगर सहित कई कॉलोनियां हैं। चार इमली, ऋषि नगर और शिवाजी नगर वीआईपी क्षेत्र हैं। यहां मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी निवास करते हैं। इन क्षेत्रों में नगर निगम का अमला नियमित रूप से सक्रिय दिखाई देता है। वहीं स्लम क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अर्जुन नगर में नालियां कचरे से भरी
अर्जुन नगर को वार्ड का स्लम क्षेत्र माना जाता है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास बने हुए हैं, जिनमें करीब 500 परिवार रहते हैं। यह क्षेत्र कवर्ड कैंपस है और बाहर से साफ-सुथरा दिखाई देता है, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही जगह-जगह कचरे के ढेर और गंदगी से भरी नालियां नजर आती हैं।
क्षेत्र से गुजरने वाले नाले की लंबे समय से सफाई नहीं होने की शिकायत है। आवासों का सीवेज पानी दीवारों से बहकर गलियों में पहुंच रहा है। इससे क्षेत्र में गंदगी और बदबू फैल रही है। स्थानीय लोगों के लिए यहां रहना मुश्किल हो रहा है।
प्रियदर्शनी नगर में सफाई में अनियमितता
चार इमली से लगा प्रियदर्शनी नगर भी स्लम क्षेत्र है। यहां कचरा उठाने और नालियों की सफाई का काम नियमित रूप से किया जा रहा है। हालांकि कुछ स्थानों पर झाड़ू नहीं लगने या पांच से छह दिन में सफाई होने की जानकारी सामने आई है। इससे कुछ हिस्सों में गंदगी बनी रहती है।
जोन कार्यालय के नीचे गंदगी
छह नगर स्थित नगर निगम के जोन क्रमांक 8 कार्यालय के पीछे, उसी भवन के नीचे अवैध रूप से शौचालय बना हुआ है। यहां गंदगी फैली रहती है। आसपास मैकेनिक और अन्य दुकानों का संचालन होता है। दुकानदारों को गंदगी से उठने वाली बदबू के कारण परेशानी होती है।
स्थानीय स्तर पर यहां नियमित सफाई नहीं होने की स्थिति सामने आई है। साथ ही गंदगी फैलाने से रोकने के लिए कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। निगम कार्यालय के आसपास ही सफाई व्यवस्था की यह स्थिति नगर निगम के स्वच्छता संबंधी दावों पर सवाल खड़े करती है।

Next Post

चाकू से घायल होने के बाद भी नहीं मानी हार, आरक्षक ने दबोचा युवक

Tue Nov 3 , 2026
इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में खुद को कमरे में बंद कर चाकू लेकर बैठे युवक को समझाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला हो गया। युवक ने आरक्षक राजपाल सैंधव की पीठ पर चाकू से वार कर दिया। घायल होने के बावजूद आरक्षक ने साथियों के साथ मिलकर युवक […]

You May Like