भोपाल।घरों में काम करने वाली कामकाजी महिला श्रमिकों के लिए लगाए गए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों में 1317 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। भोपाल की 30 तंग बस्तियों में शिविर लगाए गए । दो सप्ताह पूर्व जिन तंग बस्तियों में शिविर लगाए गए थे, वहां पर फॉलोअप जांच के लिए पुन: शिविर आयोजित हुए। इस बार शहरी क्षेत्र की सीमा से सटे ग्रामीण इलाकों की तंग बस्तियों में भी शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में स्त्री एवं प्रसूति रोग, टीकाकरण, हाई रिस्क चिन्हांकन, पोषण परामर्श सेवाएं दी गईं। एनीमिया प्रबंधन के लिए आयरन फोलिक एसिड गोलियां देकर उनके सेवन की विधि बताई गई। शिविरों में 790 की उच्च रक्तचाप की जांच में 83 का रक्तचाप बढ़ा हुआ मिला है। 743 की मधुमेह जांच में 52 लोगों में शर्करा बड़ी हुई पाई गई है । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ प्रभाकर तिवारी ने कहा कि कामकाजी एवं श्रमिक वर्ग की महिलाएं कई बार कार्य की व्यस्तता के कारण अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज़ कर देती हैं। शिविरों को विशेष तौर पर इन्हीं महिलाओं को केंद्र में रखकर आयोजित किया जा रहा है।
महिला श्रमिकों के स्वास्थ्य शिविर में 83 को हाई बीपी और 52 में डायबिटीज मिली
