
इंदौर. इंदौर-देवास हाईवे पर दो दिन पहले लगे भीषण जाम का मामला अब मध्यप्रदेश हाई कोर्ट की दहलीज तक पहुंच गया है. सोमवार को इस संबंध में जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए डिवीजन बेंच ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.
यह याचिका देवास निवासी आनंद अधिकारी ने वरिष्ठ अधिवक्ता गिरीश पटवर्धन और कीर्ति पटवर्धन के माध्यम से दायर की है. याचिका में कहा गया है कि तकरीबन 40 घंटे तक लगे इस जाम के कारण हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई मरीजों, स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ा. याचिकाकर्ता ने कोर्ट से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और जिनकी लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए. साथ ही भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी समाधान भी खोजा जाए. कोर्ट ने सभी पक्षों से विस्तृत जवाब तलब किया है.
