जैसलमेर में रक्षा मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुरू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सामरिक मुद्दों पर मंथन

जैसलमेर,  स्वर्णनगरी जैसलमेर के फोर्ट राजवाड़ा होटल में मंगलवार को रक्षा मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति की एक बेहद अहम बैठक आयोजित की जा रही है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हो रही इस उच्चस्तरीय बैठक में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, समिति के सदस्य सांसद और तीनों सेनाओं के शीर्ष अधिकारी भाग ले रहे हैं। पाकिस्तान से सटी पश्चिमी अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट आयोजित यह बैठक देश की सुरक्षा नीतियों, आधुनिकीकरण और सीमावर्ती रणनीतियों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सेना के आधुनिकीकरण, स्वदेशी उपकरणों और पश्चिमी सीमा की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा पर रहेगा विशेष जोर

इस बैठक में भारतीय सेना की मौजूदा रक्षा तैयारियों, सेना को अत्याधुनिक हथियारों व स्वदेशी उपकरणों से लैस करने तथा भविष्य की सामरिक चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर व्यापक मंथन किया जा रहा है। इसके साथ ही पाकिस्तान से सटी पश्चिमी अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था, आधुनिक निगरानी तंत्र की तैनाती और सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे व सड़कों के विकास कार्यों की समीक्षा भी प्रमुख एजेंडे में शामिल है। इससे पूर्व सोमवार शाम रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समिति सदस्यों के साथ जैसलमेर वॉर म्यूजियम में आयोजित लाइट एंड साउंड शो का अवलोकन कर सैन्य पराक्रम का जायजा लिया था।

वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एसपी अभिषेक शिवहरे की देखरेख में पुलिस व सेना तैनात

रक्षा मंत्री और संसदीय समिति के सदस्यों के जैसलमेर दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियों ने चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा लगा रखा है। जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि एयरपोर्ट से लेकर होटल फोर्ट राजवाड़ा और आर्मी स्टेशन तक पर्याप्त पुलिस जाब्ता, बॉर्डर होमगार्ड और सेना के जवान तैनात किए गए हैं। वीवीआईपी कारकेड रिहर्सल के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस समन्वय स्थापित किया गया है, जिससे संपूर्ण कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Next Post

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास में कंक्रीट मिक्सर ट्रक ने स्कूटी सवार दो युवकों को कुचला, दर्दनाक हादसे में दोनों की मौत

Tue Nov 3 , 2026
नई दिल्ली,  उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कंक्रीट मिक्सर ट्रक ने स्कूटी सवार दो युवकों को बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण सड़क हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान संतोष (30), निवासी पक्की […]

You May Like