सतना: शहर के कोलगवा थाना क्षेत्र अंतर्गत घूरडांग में फरियादी के घर में घुसकर मारपीट और हवाई फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से पिस्टल और कारतूस जप्त किया गया है। तीनों आरोपियों का जुलूस निकालकर पुलिस ने कड़ा संदेश देने का प्रयास भी किया।कोलगवां निरीक्षक सुदीप सोनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 अक्टूबर को फरियादी यश त्रिपाठी निवासी घूरडांग ने शिकायत कि थी कि रात को इनके घर के बाहर कुछ बदमाशों ने काले रंग की एक्सयूवी से आकर कट्टे/पिस्टल से तीन राउंड हवाई फायर किए थे।
आरोपियों ने घर पर पथराव किया, सीसीटीवी कैमरा और दरवाजा तोड़ा, तथा परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। फरियादी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। तकनीकि साक्ष्य एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपियो को चिह्नित करते हुए पकडकर पूछताछ की गई। इसी कड़ी में आरोपी महेन्द्र सोनी के कब्जे से एक पिस्टल व एक जिंदा राउंड जप्त किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजय जायसवाल 24 वर्ष निवासी क्रिस्तकुला चौराहा के पास पतेरी, महेन्द्र सोनी उर्फ शिब्बू पिता राजेश प्रसाद सोनी उम्र 25 वर्ष निवासी घूरडांग और देवांशू सिंह परिहार उर्फ आकाश उम्र 24 वर्ष निवासी मिश्रा आटा चक्की के पास कोलगवां के तौर पर हुई।
