वंदे भारत ट्रेन में मिले 9.97 लाख रुपये आरपीएफ ने मालिक को लौटाए

भदोही, 02 नवंबर (वार्ता) रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस में लावारिस मिले नौ लाख 97 हजार रुपये नकद उनके वास्तविक मालिक को लौटा दिए।

आरपीएफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को रेसुब पोस्ट प्रयागराज रामबाग की टीम वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22436) में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात थी। इस दौरान ट्रेन के कोच संख्या ई-1 की जांच करते समय टीम को एक लावारिस बैग मिला।

बैग की तलाशी लेने पर उसमें 9,97,000 रुपये नकद बरामद हुए। आरपीएफ टीम ने नियमानुसार नकदी को अपने कब्जे में लेकर पोस्ट पर जमा कराया और इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। बरामद राशि अधिक होने के कारण आयकर विभाग को भी सूचित किया गया। आयकर विभाग की जांच के बाद नकदी लौटाने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी किया गया।

इसके बाद आरपीएफ ने नकदी के वास्तविक मालिक की पहचान और दावे का सत्यापन किया। जांच में राशि राजेश बजाज पुत्र वेद प्रकाश बजाज, निवासी 51 जी ब्लॉक, कीर्ति नगर, पश्चिमी दिल्ली की पाई गई। उनके द्वारा प्रस्तुत पहचान पत्र और स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की गई, जिसमें सभी दस्तावेज सही पाए गए।

इसके बाद सोमवार को प्रभारी निरीक्षक प्रयागराज रामबाग के निर्देशन में आरपीएफ निरीक्षक दया शंकर यादव ने समकक्ष गवाहों की मौजूदगी में पूरी राशि 9,97,000 रुपये राजेश बजाज को सुरक्षित सौंप दी।

अपनी खोई हुई नकदी वापस मिलने पर राजेश बजाज ने आरपीएफ टीम के प्रति आभार व्यक्त किया और उसकी कार्यशैली एवं ईमानदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस घटना से रेलवे सुरक्षा बल के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

 

Next Post

रणजी ट्रॉफी: हर्ष दुबे ने 9 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया

Mon Nov 2 , 2026
नागपुर 02 नवंबर (वार्ता) रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए में सोमवार को हर्ष दुबे ने नौ विकेट लेकर मध्य प्रदेश की पूरी टीम को लगभग अकेले ही 209 रनों पर समेट दिया। आज यहां नचिकेत भूते द्वारा ओपनर यश दुबे को आउट करने के बाद, बाकी के सभी नौ विकेट […]

You May Like