नयी दिल्ली, 02 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को यहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के आवास पर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। श्री लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी देते हुए बताया कि श्रीमती गांधी उनके आवास पर आयी थीं और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान पुराने दिनों की यादें भी ताजा हुईं।
श्री यादव ने लिखा “आदरणीय मैडम श्रीमती सोनिया गांधी जी ने आवास पर पहुँच कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुई। स्मरण किया कि कैसे यूपीए सरकार के दिनों में हम लोगों ने युवाओं, किसानों, जवानों और आम आदमी के लिए पारदर्शी व जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की तथा मनरेगा, आरटीई, आरटीआई जैसे कानूनों से देशवासियों को सशक्त किया गया।” उन्होंने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए एक लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी गई थी।

