
गुना। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ रविवार को राजगढ़ जिले से आगे बढ़ते हुए गुना जिले में प्रवेश कर गई। रविवार को यात्रा का पड़ाव चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में रहा।
यात्रा के दौरान एलईडी वैन के माध्यम से नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली का सीधा प्रसारण दिखाया गया। दिग्विजय सिंह सहित यात्रा में शामिल लोगों ने राहुल गांधी का संबोधन और रैली की कार्यवाही देखी तथा सुनी।
इस लाइव प्रसारण का उद्देश्य कथित दान अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के खिलाफ चल रहे अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करना था। यात्रा के माध्यम से धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले दान और चढ़ावे के उपयोग में पारदर्शिता तथा चुनावी अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई जा रही है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा रविवार सुबह कालीपीठ से प्रारंभ होकर बनानिया, खरपारस, भवानीपुरा, चौकी चंदरपुरा और सनवासड़ा पहुंची। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया और उसमें सहभागिता की। भोजन एवं विश्राम के बाद यात्रा का दूसरा चरण बड़ी मुरेली और गैला का पुरा होते हुए नयापुरा जोड़ पहुंचा।
यात्रा में शामिल लोग रविवार की रात चाचौड़ा तहसील के नयापुरा जोड़ स्थित गौशाला में विश्राम करेंगे।
उल्लेखनीय है कि लगभग 930 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई थी। यात्रा का समापन अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में होगा। इसके माध्यम से सत्य, न्याय, करुणा और सद्भाव के सनातन मूल्यों के प्रचार के साथ धार्मिक दान और चुनावी प्रक्रियाओं में जवाबदेही एवं पारदर्शिता की मांग की जा रही है।
