सीएम डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश विकास पथ पर अग्रसर 

सीहोर। मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर रविवार को आयोजित समारोह में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की. इस अवसर पर कलेक्टर बालागुरु के एवं एसपी सोनाक्षी सक्सेना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे.

समारोह में राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मप्र विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्रदेश सरकार कृषि, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है.

स्थापना दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने लोकगीत, समूह गीत, कथक नृत्य और समूह लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं. शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय की योगिता एवं साथियों ने समूह लोकगीत प्रस्तुत किया. सेंट एंस स्कूल के अगस्त गुप्ता और उनके समूह ने समूह गीत, लूर्द माता स्कूल की छात्रा किमाया सक्सेना ने कथक नृत्य तथा शासकीय सांदीपनि मनुबेन स्कूल के विद्यार्थियों ने समूह लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं.

समारोह में किसान कल्याण स्वाभिमान क्विज प्रतियोगिता के विजेता किसानों को सम्मानित किया गया. भैरूंदा के ग्राम अतरालिया निवासी हर्ष यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्रैक्टर जीता. ग्राम बगवाड़ा के रमेश चंद्र पंवार द्वितीय स्थान पर रहे, जिन्हें बुलेट प्रदान की गई. वहीं बुधनी के सरदार नगर निवासी चैन प्रकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ई-स्कूटी हासिल की. राजस्व मंत्री ने तीनों किसानों को चाबियां प्रदान कीं.

श्रीकृष्ण मेधावी योजना के अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर शासकीय महाविद्यालय रेहटी की छात्रा जिया सैनी एवं शासकीय महाविद्यालय गोपालपुर के छात्र मोहित हरियाले को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई. इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को विधायक निधि से नगद पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया. वहीं प्रस्तुति दलों के निर्देशकों को 11-11 हजार रुपए देने की घोषणा की गई. समारोह में विधायक सुदेश राय, जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर, जनपद अध्यक्ष नावड़ी बाई, रवि मालवीय, सीताराम यादव, जसपाल अरोरा, सीईओ सर्जना यादव, एडीएम बृजेश सक्सेना, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा, सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा, पंकज गुप्ता आदि उपस्थित थे.

Next Post

मारपीट: जहर खाने वाले व्यक्ति की मौत, पांच लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज 

Sun Nov 1 , 2026
नरसिंहगढ़। चार दिन पहले मारपीट के एक मामले में जहर खाने वाले शंकरपुरा निवासी युवक पप्पू कुशवाह उम्र 45 वर्ष की रविवार को भोपाल में उपचार के दौरान मौत हो गई. इस घटना से आक्रोशित परिजन शव लेकर नरसिंहगढ़ थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते […]

You May Like