देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने की कोशिश के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप कुमार पुरी की जान चली गई। इंदौर-बैतूल हाईवे पर देर रात चेकिंग के दौरान शराब से भरे आयशर वाहन की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब दो घंटे तक इलाज और सीपीआर देने के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
*चेकिंग के दौरान हुआ हादसा*
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को अवैध शराब ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ हाईवे पर संदिग्ध वाहन की तलाश में पहुंचे। बताया जा रहा है कि वाहन को रोककर चालक से पूछताछ करने की कोशिश की गई। इसी दौरान चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया और उसका पिछला पहिया टीआई के ऊपर से गुजर गया।
*वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक*
घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह संदलपुर में वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की तलाश शुरू की। घटना की जानकारी मिलने पर देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा भी खातेगांव पहुंचे।
*अवैध शराब के नेटवर्क की भी जांच*
इस घटना के बाद शराब की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स में वाहन से करीब 298 पेटी शराब मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, शराब के स्रोत, उसे कहां पहुंचाया जाना था और इस कारोबार में किन लोगों की भूमिका थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
TI दिलीप कुमार पुरी की मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है
