‘मेरा बचपन-मेरा अधिकार’ विषय पर विधिक जागरूकता कार्यशाला आयोजित

ग्वालियर। ‘मेरा बचपन-मेरा अधिकार’ थीम पर पॉक्सो अधिनियम 2012 के संबंध में स्कूल आधारित विधिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन जिला न्यायालय परिसर ग्वालियर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित किशोर की उपस्थिति में हुआ।

इस अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक जिला अनूपपुर से किया गया, जिसमें ग्वालियर से ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की गई। यह अभियान 1 से 6 नवंबर तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह एवं बाल श्रम की रोकथाम, पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों तथा अपराधों की रिपोर्ट दर्ज कराने की अनिवार्यता के प्रति जागरूक करना है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर ग्वालियर जिले के 10 शासकीय विद्यालयों के 130 विद्यार्थियों ने कार्यशाला में भाग लिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित किशोर ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया।

कार्यशाला में जिला न्यायाधीश विवेक कुमार ने डिजिटल सुरक्षा, साइबर जागरूकता, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर बुलिंग से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) महेश कुमार झा ने पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया एवं बाल सुरक्षा तंत्र की जानकारी दी। वहीं, जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री विवेक कुमार सिंह ने प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में विद्यार्थियों को अवगत कराया।

इस अवसर पर मेडिकल विशेषज्ञ एवं हार्टफुलनेस प्रशिक्षक डॉ. बिंदु सिंघल ने किशोरों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रकाश डालते हुए पढ़ाई के दौरान होने वाले मानसिक तनाव से बचाव के उपाय बताए। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में पाठशाला स्कूल, ग्वालियर की डायरेक्टर सुश्री कोमल शर्मा ने विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न विकल्पों, लक्ष्य निर्धारण, छात्रवृत्ति एवं भविष्य की संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी योगेश बंसल ने किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी स्वीटी मंगल, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा पैरालीगल वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।

Next Post

गोहलपुर पुलिस का खेल: लूट बन गई गुमशुदगी!

Sun Nov 1 , 2026
जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में सरेराह हुई मोबाइल झपट्टामारी की संगीन वारदात को पुलिस द्वारा दबाने और उसे महज मोबाइल गुमने का रूप देते हुए गुमशुदगी की कायमी कर दी गई। पुलिस की टालमटोल से परेशान होकर पीडि़त युवक ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए एक वीडियो […]

You May Like