तेहरान, ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खमेनेई ने अमेरिका और इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने सेना को किसी भी हमले का बिना भौगोलिक सीमा तत्काल और प्रभावी जवाब देने का निर्देश दिया है।
Iran Warning US Israel: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा हुसैनी खमेनेई ने शनिवार को देश के शीर्ष सैन्य कमांडरों के साथ बैठक कर साफ संदेश दिया कि अमेरिका या इजरायल की ओर से किसी भी तरह का हमला हुआ तो उसका जवाब भौगोलिक सीमाओं की परवाह किए बिना दिया जाएगा। उन्होंने सेना को किसी भी खतरे का तत्काल और प्रभावी तरीके से जवाब देने का निर्देश दिया है।
तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, मोजतबा खमेनेई ने कहा कि किसी भी स्तर या प्रकार के खतरे का जवाब तुरंत, प्रभावशाली ढंग से और बिना किसी भौगोलिक सीमा के दिया जाना चाहिए। उन्होंने इसे दुश्मनों के खिलाफ अधिकतम प्रतिरोध की रणनीति का हिस्सा बताया।
खमेनेई ने कहा कि अगर दुश्मन दोबारा सैन्य या आतंकवादी हमले शुरू करते हैं तो यह फैसला ईरान के सशस्त्र बल और देश की जनता करेंगे कि जवाबी कार्रवाई कब और किन परिस्थितियों में समाप्त होगी।
सैन्य ताकत और जिहाद की भावना बढ़ाने पर जोर
ईरानी सर्वोच्च नेता ने सैन्य खुफिया तंत्र को मजबूत करने और स्वदेशी रक्षा तकनीक विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से अत्याधुनिक सुरक्षा क्षमताएं तैयार करने के साथ सेना में आध्यात्मिक शक्ति और जिहाद की भावना मजबूत करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने सैन्य लक्ष्यों की सूची यानी टारगेट बैंक को अपडेट करने का निर्देश दिया, ताकि अमेरिकी और इजरायली पक्ष की भौतिक और गैर-भौतिक संपत्तियां ईरानी सेना की पहुंच में रहें।
खमेनेई ने कहा कि सेना के लिए जनता का समर्थन प्रतिरोध की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। उन्होंने पिछले आठ महीनों से सड़कों और चौराहों पर लोगों की मौजूदगी को ईरान के आठ साल लंबे युद्ध के संघर्ष से जोड़कर देखा।
शीर्ष सैन्य कमांडरों ने दी तैयारियों की जानकारी
बैठक में ईरानी सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही, सेना प्रमुख मेजर जनरल अमीर हातामी और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर मेजर जनरल अहमद वाहिदी मौजूद रहे।
कमांडरों ने फारस की खाड़ी, होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान सागर के अलावा देश की उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी सीमाओं पर सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोला-बारूद, निगरानी उपकरणों और युद्धक हथियारों के उत्पादन में कई गुना बढ़ोतरी हुई है।
खमेनेई ने पश्चिम एशिया में प्रतिरोध मोर्चे की एकजुटता को भी अहम बताया। उनके मुताबिक, क्षेत्र में नई राजनीतिक और सुरक्षा व्यवस्था बनाने में यह एक निर्णायक भूमिका निभा सकती है।
