टीही-धार रेलखंड पर 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन


इंदौर: इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत टीही-धार रेलखंड पर नवनिर्मित बड़ी रेल लाइन के निरीक्षण और गति परीक्षण की तैयारियां रेलवे ने तेज कर दी हैं. इस रेलखंड पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाने के उद्देश्य से विभिन्न तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं. प्रस्तावित स्पीड ट्रायल से पहले रेलवे अलग-अलग सेक्शन में ट्रैक की क्षमता, स्थिरता, सुरक्षा और तकनीकी मानकों का आकलन कर रहा है.रेलवे अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, हाल ही में डीजल इंजन के माध्यम से पिथमपुर से सागौर के बीच परीक्षण किया गया था. अब सागौर से आगे गुनावद की ओर के रेलखंड में भी परीक्षण संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी. इस दौरान अलग-अलग सेक्शन में ट्रैक की स्थिति और निर्धारित गति पर ट्रेन संचालन की संभावनाओं को परखा जाएगा.

50 से 70 किमी की रफ्तार से शुरू होगा परीक्षण
स्पीड ट्रायल की प्रक्रिया के तहत शुरुआती चरण में 50, 60 और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की अलग-अलग रफ्तार से ट्रेन चलाकर परीक्षण किया जाएगा. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से गति बढ़ाई जाएगी. अंतिम लक्ष्य 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल करना है. इस पूरी प्रक्रिया में रेलवे ट्रैक की क्षमता, स्थिरता और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच करेगा. परीक्षण के परिणामों के आधार पर ही आगे की प्रक्रिया और उच्च गति से ट्रेन संचालन को लेकर निर्णय लिया जाएगा.

ट्रायल से पहले रेलवे का सुरक्षा अभियान
टीही-धार रेलखंड पर 6 नवंबर 2026 तक प्रातः 8 बजे से रात्रि 9 बजे के बीच 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल एवं विभिन्न तकनीकी निरीक्षण किए जाएंगे. इसे सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल ने ट्रैक के आसपास विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है. रेलवे कर्मचारी गांवों और रेलवे लाइन के आसपास लाउडस्पीकर एवं माइक के माध्यम से लगातार लोगों को सतर्क कर रहे हैं. ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे रेलवे ट्रैक के आसपास न जाएं और रेलवे लाइन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें. इसके साथ ही अपने मवेशियों को भी रेलवे ट्रैक के आसपास खुला न छोड़ें. रेलवे का उद्देश्य स्पीड ट्रायल के दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना और आमजन के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.

6 नवंबर तक विशेष सतर्कता बरतने की अपील
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल ने आमजन से अपील की है कि 6 नवंबर 2026 तक प्रातः 8 बजे से रात्रि 9 बजे के बीच टीही एवं धार के मध्य रेलवे ट्रैक से पर्याप्त दूरी बनाए रखें. रेलवे लाइन पर न जाएं और न ही ट्रैक पार करने का प्रयास करें. अपने बच्चों एवं पशुओं को भी रेलवे लाइन के आसपास न जाने दें. रेलवे लाइन पार करने के लिए केवल रोड ओवरब्रिज आरओबी और रोड अंडरब्रिज आरयूबी का उपयोग करें. टीही-धार रेलखंड पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से प्रस्तावित स्पीड ट्रायल रेलवे के लिए एक महत्वपूर्ण चरण है. एक ओर जहां रेलवे अलग-अलग सेक्शन में ट्रैक की तकनीकी क्षमता और सुरक्षा मानकों की जांच कर रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीणों को जागरूक कर सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है

Next Post

तिरुमला मंदिर में आठ नवंबर को आयोजित होगा दीपावली आस्थानम

Sun Nov 1 , 2026
तिरुमला, (वार्ता) आंध्र प्रदेश के तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) में आठ नवंबर को तिरुमला स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर में सुबह सात बजे से नौ बजे के बीच दीपावली आस्थानम का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान के तहत, मलयप्पा स्वामी अपनी पत्नियों श्रीदेवी और भूदेवी के साथ गरुड़ालवार की ओर मुख […]

You May Like