कैलिफोर्निया के शॉपिंग मॉल के हैलोविन स्टोर में गोलीबारी, एक की मौत और छह घायल

कैलिफोर्निया, 31 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक शॉपिंग मॉल में स्थित हैलोविन स्टोर में शुक्रवार रात हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। अमेरिकी मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी है।

एबीसी न्यूज के अनुसार, पुलिस को शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे फेयरफील्ड स्थित सोलानो टाउन सेंटर के ‘स्पिरिट हैलोवीन’ स्टोर में गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे अधिकारियों को सात लोग घायल हालत में मिले। इनमें से एक की बाद में मौत हो गई। छह अन्य घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से कम से कम तीन की हालत गंभीर है।

अधिकारियों ने पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। एबीसी न्यूज ने पुलिस प्रमुख डैन मार्शल के हवाले से कहा, “हम समुदाय के लोगों से अपील करते हैं कि यदि उनके पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी है तो वे फेयरफील्ड पुलिस विभाग से संपर्क करें।”

जांचकर्ता प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रहे हैं और संदिग्ध की पहचान करने में जुटे हैं। घटनास्थल की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, हमलावर की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। श्री मार्शल ने कहा कि जासूस “इस भयावह गोलीबारी के लिए जिम्मेदार संदिग्ध या संदिग्धों की पहचान करने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहे हैं।”

यह घटना मिशिगन के मैडिसन हाइट्स में एक अन्य ‘स्पिरिट हैलोवीन’ स्टोर के अंदर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ घंटे बाद हुई। हालांकि, एनबीसी न्यूज के अनुसार, दोनों घटनाओं के आपस में जुड़े होने के संकेत नहीं हैं।

Next Post

15 करोड़ खर्च,7 वर्षो से निर्माणाधीन सरई बाईपास मार्ग

Sat Oct 31 , 2026
सिंगरौली । सरई बाईपास मार्ग में करीब 15 करोड़ रूपये से अधिक की रकम खर्च की जा चुकी है, लेकिन सड़क अभी भी निर्माणाधीन है। जबकि एक साल के अंदर सड़क को पूर्ण करने का लक्ष्य था। बजट के अभाव में लोक निर्माण विभाग ने कार्य कराने से हाथ खड़ा […]

You May Like