
बालाघाट। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर को बालाघाट में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। नेहरू युवा केंद्र, जिला प्रशासन, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस एकता दौड़ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
मुलना स्टेडियम से आयोजित रन फॉर यूनिटी को बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, कलेक्टर श्री आदित्य सिंह, प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री नीतेश भार्गव, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर, एसडीएम श्री गोपाल सोनी, जिला खेल अधिकारी श्री राहुल बारेसा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। एकता दौड़ मुलना स्टेडियम से प्रारंभ होकर आंबेडकर चौक, हनुमान चौक और काली पुतली चौक होते हुए पुनः आंबेडकर चौक पहुंची। यहां से प्रतिभागी वापस मुलना स्टेडियम पहुंचे, जहां दौड़ का समापन हुआ।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि वर्ष 1947 में जब देश आजाद हुआ, तब भारत 500 से अधिक रियासतों में बंटा हुआ था। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से इन रियासतों का भारत में विलय कराकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनके इस ऐतिहासिक योगदान के कारण ही उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए जिस दृढ़ता के साथ कार्य किया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी जयंती पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे तथा भारत को मजबूत और सशक्त राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देंगे।
