नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गायत्री परिवार के संस्थापक आचार्य श्रीराम शर्मा और उनकी आध्यात्मिक सहचरी माता भगवती देवी के योगदान की सराहना करते हुए कहा है कि आध्यात्मिक जागरण, सामाजिक सुधार और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उनके विचारों एवं कार्यों ने समाज को सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा दी है। श्री बिरला ने शनिवार को गायत्री परिवार द्वारा आयोजित शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आचार्य श्रीराम शर्मा ने अखंड ज्योति और गायत्री मंत्र के माध्यम से लोगों में आध्यात्मिक चेतना जगाई। उनका संदेश ‘हम बदलेंगे, युग बदलेगा’ व्यक्ति, परिवार और समाज के निर्माण की प्रेरणा बना है।
उन्होंने माता भगवती देवी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका तप, करुणा और सेवा से परिपूर्ण जीवन महिला सशक्तीकरण तथा सामाजिक सुधार के एक महत्वपूर्ण आंदोलन की प्रेरणा बना। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा ग्रहण करने, आत्मविश्वास विकसित करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
गायत्री परिवार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्था लगातार मूल्यपरक शिक्षा, चरित्र निर्माण, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने का काम कर रही है। श्री बिरला ने संगठन से अखंड ज्योति के प्रकाश और सकारात्मक परिवर्तन के संदेश को गांव-गांव तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

