जबलपुर : पनागर थाना अंतर्गत सिंगलदीप गांव में बहू के साथ हुई छेड़खानी की शिकायत करने गए बुजुर्ग प्यारे लाल चक्रवर्ती की आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को सिंगलदीप गांव की रहने वाली एक महिला जब शौचालय के लिए जा रही थी, तभी रास्ते में गांव के ही राजेश चक्रवर्ती ने उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़खानी की। पीड़ित बहू ने घर लौटकर आपबीती अपने ससुर प्यारे लाल चक्रवर्ती और परिवार के अन्य सदस्यों को बताई थी।
परिवार की मर्यादा और बहू के आत्मसम्मान की खातिर बुजुर्ग प्यारे लाल चक्रवर्ती लोक-लाज के डर से आरोपी राजेश के घर शिकायत करने पहुंचे थे। लेकिन अपनी गलती मानने के बजाय आरोपी राजेश, काली और भाग्य चक्रवर्ती भड़क गए। तीनों ने बुजुर्ग प्यारे लाल पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बुजुर्ग को इतनी बेरहमी से पीटा कि वे लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़े थे। परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल प्यारे लाल को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया था।मेडिकल अस्पताल में कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आज इलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत के बाद पनागर पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं बढ़ा दी हैं।
