ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर महानगर द्वारा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत ग्वालियर पूर्व विधानसभा की प्रमुख नागरिक गोष्ठी का आयोजन 31 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे बाल भवन में किया जाएगा। गोष्ठी के मुख्य वक्ता ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह होंगे। गोष्ठी में कथित रूप से कांग्रेस द्वारा फैलाये जा रहे झूठ का पर्दाफाश, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने तथा राजनीतिक अराजकता और नकारात्मक राजनीति के विरुद्ध जनजागरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
साथ ही प्रबुद्ध नागरिकों के माध्यम से लोकतंत्र के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और समाज की सकारात्मक भूमिका सुनिश्चित करने पर भी चर्चा होगी।भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया ने ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के सभी पार्टी कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों एवं गणमान्यजनों से गोष्ठी में उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने तथा लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की है ।
