
ग्वालियर, शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय, मुरार में विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने का मामला सामने आया है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रदेश महासचिव एड. रायसिंह बौद्ध ने 27 अक्टूबर को विद्यालय का निरीक्षण करने के बाद अनुसूचित जाति विकास विभाग को पत्र लिखकर समस्याओं के निराकरण की मांग की है। बौद्ध ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की ड्रेस और स्टेशनरी की राशि, पाठ्यपुस्तकों, छात्रावास में बिस्तरों, खेलकूद गतिविधियों और परिवार से संपर्क के लिए टेलीफोन व्यवस्था से जुड़ी कमियां सामने आईं। उन्होंने कहा कि सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप पुस्तकें उपलब्ध कराने के साथ अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू करने और विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म व पहचान-पत्र देने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि विभाग को पत्र लिखकर सभी समस्याओं की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है। बौद्ध ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और जरूरी सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। 15 दिन में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी आंदोलन करेंगी।
