
रीवा, शहर के व्यस्त शिल्पी प्लाजा में दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने कथित तौर पर शातिराना तरीका अपनाते हुए लग्जरी इनोवा कार से नोटों से भरी अटैची और महत्वपूर्ण दस्तावेज पार कर दिए। वारदात के वक्त कार में ड्राइवर मौजूद था, लेकिन उसे बातों में उलझाकर बदमाश अपना काम कर गया। घटना ने शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, जीएन सिटी के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ समाजसेवी मनोज तिवारी किसी आवश्यक काम से शिल्पी प्लाजा पहुंचे थे। उनकी इनोवा कार छप्पन भोग मिठाई दुकान के सामने खड़ी थी। कार में ड्राइवर मौजूद था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ड्राइवर के पास पहुंचा और कहा कि गाड़ी के सामने कुछ सामान पड़ा है, जाकर देख लीजिए।
ड्राइवर जैसे ही गाड़ी से उतरकर सामने पड़ा सामान देखने पहुंचा, इसी बीच कथित बदमाश ने कार के अंदर रखी अटैची निकाल ली और मौके से फरार हो गया। ड्राइवर के शोर मचाने और गुहार लगाने के बावजूद आरोपी हाथ नहीं आया। देखते ही देखते दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर बदमाश गायब हो गया।
अटैची में डेढ़ लाख नकद, महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब
फरियादी मनोज तिवारी के अनुसार, चोरी गई अटैची में 1 लाख रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण आवश्यक कागजात रखे हुए थे। नकदी के साथ जरूरी दस्तावेज चले जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान के अलावा महत्वपूर्ण कागजातों को लेकर भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि घटना की शिकायत गुरुवार को शाम करीब 4 बजे सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और कुछ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं। हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामले में बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की सक्रियता अपेक्षा के अनुरूप नजर नहीं आ रही है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात, आरोपी अब भी सवालों के घेरे में
शिल्पी प्लाजा जैसे व्यस्त क्षेत्र में इस तरह की वारदात होना कई सवाल खड़े करता है। आखिर बदमाश कितनी बेखौफी से लोगों को निशाना बना रहे हैं? क्या आरोपी ने पहले से रेकी की थी या मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया? सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान और उसकी आवाजाही के रास्ते का पता लगाने में अहम मदद मिल सकती है।
