100 साल की बुजुर्ग महिला 50 फीट गहरे कुएं में गिरीं, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान

नीमच। जमुनिया कलां गांव में करीब 100 वर्ष की बुजुर्ग महिला खेत पर स्थित लगभग 50 फीट गहरे कुएं में गिर गईं। गनीमत रही कि समय रहते घटना का पता चल गया और परिजनों व ग्रामीणों ने मिलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी किशोर हलवाई की करीब 100 वर्षीय दादी खेत पर गई हुई थीं। बताया जा रहा है कि वे कुएं की पाल पर बैठी थीं। इसी दौरान अचानक चक्कर आने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे कुएं में जा गिरीं।

घटना के समय उनकी बहू आसपास ही मौजूद थीं। कुएं की ओर से आवाज सुनाई देने पर वे मौके पर पहुंचीं और बुजुर्ग महिला को कुएं में गिरा देखा। उन्होंने तत्काल परिजनों और आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को बुलाया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयासों से बुजुर्ग महिला को कुएं से बाहर निकाल लिया।

इसके बाद परिजन उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उपचार कराया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनकी हालत ठीक है।

करीब 100 वर्ष की उम्र में 50 फीट गहरे कुएं में गिरने के बाद बुजुर्ग महिला का सुरक्षित बच निकलना राहत की बात रही। इस घटना में बहू की सतर्कता और ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

Next Post

समितियों के पंजीयन निरस्त करने की तैयारी

Thu Oct 29 , 2026
सिंगरौली । जिले में समथून मूल्य पर विक्रय किये जाने वाले खरीफ फसलों के पंजीयन में विपणन समितियों के कालेकारनामो को वन विभाग ने उजागर कर दिया है। आरोप के साथ-साथ चर्चा है कि विपणन प्रक्रिया आधा दर्जन समितियां कई वर्षो से खेल करती आ रही हैं और उसमें करोड़ों […]

You May Like