‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ से मिली पहचान, ‘महारानी’ से मिला सम्मान, जानिए हुमा कुरैशी के करियर के बड़े पड़ाव

हुमा कुरैशी ने आमिर खान और शाहरुख खान के साथ विज्ञापनों से पहचान बनाई। ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ ने उन्हें बॉलीवुड में स्टार बनाया, जबकि ‘महारानी’ ने ओटीटी पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

मुंबई, बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी का जन्म 28 जुलाई 1986 को दिल्ली में हुआ था। हुमा कुरैशी आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। हुमा कुरैशी के पिता सलीम कुरैशी रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि मां अमीना कुरैशी गृहिणी हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही उनका रुझान अभिनय की ओर बढ़ा। हुमा कुरैशी ने मशहूर थिएटर ग्रुप ‘एक्ट वन’ से जुड़कर अभिनय की बारीकियां सीखीं।

साल 2008 में हुमा अपने सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई पहुंचीं। शुरुआती दिनों में फिल्मों में मौका नहीं मिला, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में काम किया। आमिर खान के साथ मोबाइल ब्रांड और शाहरुख खान के साथ पेंट ब्रांड के विज्ञापन में नजर आने के बाद इंडस्ट्री का ध्यान उनकी ओर गया। इन्हीं विज्ञापनों ने उनके करियर का रास्ता बदल दिया।

गैंग्स ऑफ वासेपुर से चमकी किस्मत
एक विज्ञापन की शूटिंग के दौरान निर्देशक अनुराग कश्यप की नजर हुमा कुरैशी पर पड़ी। उनकी अभिनय क्षमता से प्रभावित होकर अनुराग ने उन्हें फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ में मौका दिया। साल 2012 में रिलीज हुई इस फिल्म में उन्होंने मोहसीना हमीद का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट फीमेल डेब्यू और बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस की कैटेगरी में नामांकन भी मिला।

हर किरदार में छोड़ी अलग छाप
गैंग्स ऑफ वासेपुर के बाद हुमा ने लव शव ते चिकन खुराना, एक थी डायन, डेढ़ इश्किया, बदलापुर, जॉली एलएलबी 2 और मोनिका, ओ माय डार्लिंग जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। हुमा कुरैशी ने हिंदी फिल्मों के अलावा तमिल फिल्मों काला, वलिमाई, मराठी फिल्म हाइवे और हॉलीवुड फिल्म आर्मी ऑफ द डेड में भी अपनी अभिनय प्रतिभा दिखाई।

महारानी ने दिलाई नई पहचान
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘महारानी’ हुमा कुरैशी के करियर का नया मील का पत्थर साबित हुई। बिहार की महिला नेता रानी भारती के किरदार को निभाने के लिए उन्होंने भाषा, हाव-भाव और पहनावे पर विशेष मेहनत की। उनकी दमदार परफॉर्मेंस को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड भी मिला।

Next Post

महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई

Tue Jul 28 , 2026
चित्रकूट: महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, चित्रकूट ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के हित में ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथियों का विस्तार किया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय द्वारा जारी प्रवेश सूचना के अनुसार निर्धारित विलंब शुल्क के साथ अभ्यर्थियों को […]

You May Like