नवीं मुम्बई 12 जनवरी (वार्ता) नवी मुंबई में नगर निगम के चुनाव के कारण गुरुवार को होने वाला वूमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 का कम से कम एक मैच बिना दर्शकों के खेला जायेगा।
मुंबई पुलिस ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को सूचित किया है कि चुनाव और डब्ल्यूपीएल के मैच एक ही दिन होने के कारण, वे उस दिन मैच के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं करा पाएंगे। अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि चुनाव से एक दिन पहले और एक दिन बाद भी (14 और 16 जनवरी) बिना दर्शकों के मैच होगा।
आधिकारिक डब्ल्यूपीएल ऑनलाइन टिकट प्लेटफॉर्म पर 14, 15 और 16 जनवरी के मैचों की टिकट की बिक्री नहीं हो रही है। अगर स्थिति ऐसी ही रहती है, तो प्रभावित होने वाले मैच ये होंगे: 14 जनवरी- दिल्ली कैपिटल्स बनाम यूपी वारियर्ज, 15 जनवरी- मुंबई इंडियंस बनाम यूपी वारियर्ज, 16 जनवरी- गुजरात जायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु । प्राप्त जनकारी के अनुसार चुनाव की तारीख तय होने के तुरंत बाद डब्ल्यूपीएल कमेटी को इस बारे में बताया गया था।
