कपड़ा दुकान का शटर काट कर घुसे चोर

रीवा, शहर के अमहिया थाना अन्तर्गत बीती रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. चोरों ने थाना क्षेत्र में स्थित पीली कोठी में संचालित ‘मारवाड़ी फैशन’ कपड़ा दुकान को अपना निशाना बनाया. शातिर चोर दुकान की ऊपरी मंजिल का शटर तोडक़र भीतर दाखिल हुए और काउंटर में रखे कैश समेत भारी मात्रा में कीमती कपड़े चोरी कर ले गए. चोर अपने साथ सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर भी उखाड़ ले गए, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके.

मिली जानकारी के अनुसार अज्ञात चोरों का गिरोह बैंक ऑफ बड़ौदा की तरफ से दुकान की ओर आया था. चोरों ने बेहद शातिराना तरीके से मारवाड़ी फैशन की ऊपरी मंजिल पर लगे शटर को कटर या किसी भारी औजार से तोड़ा और दुकान के अंदर प्रवेश कर गए. दुकान के अंदर घुसने के बाद चोरों ने पूरे इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने दुकान के काउंटर को खंगाला और वहां रखे करीब 18 हजार रुपए नगद समेट लिए. इसके अलावा चोरों ने दुकान में रखे महंगे और ब्रांडेड कपड़ों की बड़ी खेप भी पार कर दी. चोरी गए कपड़ों की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है, जो लाखों में होने की आशंका है. चोरों को पता था कि दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और उनकी तस्वीरें कैद हो सकती हैं. पहचान छुपाने और पुलिस की जांच को भटकाने के लिए चोरों ने सीसीटीवी कैमरों के कनेक्शन काटे और डीबीआर बॉक्स ही उखाडक़र अपने साथ ले गए. सुबह जब दुकान संचालक और कर्मचारी पहुंचे, तो ऊपरी मंजिल का शटर टूटा देख उनके होश उड़ गए. घटना की सूचना तुरंत अमाहिया थाना पुलिस को दी गई.सूचना पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल की फोरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को बुलाया. पुलिस अब बैंक ऑफ बड़ौदा और मारवाड़ी फैशन के आसपास के अन्य रास्तों पर लगे बाहरी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बैंक की तरफ से आने वाले संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके.

Next Post

धार में सात दिवसीय‘आपदा मित्र’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का गरिमामय समापन

Thu Oct 29 , 2026
धार, राज्य शासन एवं मुख्यालय के निर्देशानुसार धार जिले में आयोजित सात दिवसीय ‘आपदा मित्र’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस स्वयंसेवकों को बोरवेल में गिरने वाले बच्चों एवं व्यक्तियों के बचाव की प्रक्रिया तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोगी विभिन्न प्रकार की रस्सियों […]

You May Like