सिंगरौली : म.प्र. के शाउमा विद्यालयों में कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षकों के लंबित मानदेय भुगतान को लेकर नवीन व्यावसायिक शिक्षा-प्रशिक्षक महासंघ एनवीईटीए, जिला सिंगरौली ने डीईओ को आवेदन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।महासंघ ने दीपावली से पहले बकाया मानदेय और चालू माह के देयकों का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है। महासंघ के अनुसार समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत व्यावसायिक शिक्षा योजना में विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षक विद्यार्थियों को तकनीकी एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण दे रहे हैं, लेकिन कई महीनों से मानदेय लंबित होने के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में जिले के सभी व्यावसायिक प्रशिक्षण सेवा प्रदाताओं वीटीपी को भुगतान के लिए तत्काल निर्देश जारी करने, नियमानुसार देय त्योहार अग्रिम अथवा बोनस के संबंध में कार्रवाई करने की मांग की गई है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि दीपावली से पहले भुगतान नहीं होने पर प्रशिक्षक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार, कलमबंद हड़ताल और चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन के दौरान अनिल कुमार शर्मा जिलाध्यक्ष, विजय पटेल, दिलीप बैस, अंबिकेश सोनी, करण शाह, अनिल शाह, कमलेश बैस, श्यामसुंदर बैस समेत अन्य शामिल रहे।
