वाराणसी में अर्नब तूफान का असर, बारिश से गिरा पारा; दो दिन भारी वर्षा की चेतावनी

वाराणसी, 29 अक्टूबर (वार्ता) काशी में गुरुवार सुबह से हो रही बारिश की फुहारों ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अर्नब तूफान के प्रभाव के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को वाराणसी में भारी वर्षा, गरज-चमक और आंधी की आशंका जताई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने कहा कि प्रतिकूल मौसम में तेज हवाओं, आकाशीय बिजली, जलभराव, पेड़ या बिजली के खंभे गिरने तथा कमजोर भवनों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। नागरिकों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने और अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने जर्जर भवनों, कच्चे मकानों, कमजोर दीवारों और अस्थायी टिनशेड में रहने वाले लोगों से मौसम खराब होने से पहले सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और बीमार व्यक्तियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

आंधी-तूफान के दौरान लोगों को पक्के और सुरक्षित भवनों के भीतर रहने तथा खिड़कियों, कांच के दरवाजों, बालकनी और छत के किनारों से दूर रहने की सलाह दी गई है। पेड़ों या अस्थायी शेड के नीचे शरण लेने से बचने और आपात स्थिति में संबंधित विभागों को तत्काल सूचना देने का अनुरोध किया गया है। प्रशासन ने मौसम की अद्यतन जानकारी आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Next Post

रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता चार नवंबर के बाद फिर शुरू होगी-उशाकोव

Thu Oct 29 , 2026
मॉस्को 29 अक्टूबर (वार्ता) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रमुख विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने बुधवार को कहा कि रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता चार नवंबर के बाद फिर शुरू होगी। हालांकि त्रिपक्षीय वार्ता की सटीक तारीख अभी तय नहीं हुई है। श्री उशाकोव के […]

You May Like