रेहटी। कृषि उपज मंडी में फसलों की आवक बढऩे लगी है. एक से 27 अक्टूबर तक मंडी में 78,993 क्विंटल कृषि उपज की तुलाई हुई. इसमें मक्का 64,055 क्विंटल के साथ सबसे आगे रहा, जबकि धान की आवक 13,385 क्विंटल दर्ज की गई. अक्टूबर में 10 अवकाश होने के बावजूद कृषि उपज मंडी में यह बम्पर आवक दर्ज हुई है.
मंडी में तहसील क्षेत्र के करीब 102 गांवों के अलावा भैरूंदा और बुधनी क्षेत्र के किसान भी उपज बेचने पहुंच रहे हैं। मक्का, धान के साथ गेहूं, चना, मूंग और सोयाबीन की आवक भी दर्ज की गई. मंडी के आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में गेहूं की 1,271, चने की 193, मूंग की 81 और सोयाबीन की 8 क्विंटल आवक हुई. मक्के का भाव 1,400 से 2,650 रुपए और धान का 1,000 से 4,150 रुपए प्रति क्विंटल तक रहा. क्षेत्र में खरीफ फसलों की बोवनी 23,233 हेक्टेयर में हुई है। इसमें धान का रकबा 18,183 और मक्के का 4,500 हेक्टेयर है. मंडी में पेयजल, छांव और रोशनी की व्यवस्था है. दीपावली से पहले उपज बेचने पहुंच रहे किसानों के कारण मंडी में गतिविधियां बढ़ी हैं. किसानों की बिक्री से मिलने वाली राशि का असर त्योहार के बाजार पर भी पड़ सकता है.
