इंदौर: गांधी नगर थाना क्षेत्र की कमल रेसीडेंसी में सोमवार देर रात एक फ्लैट में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान छोटा बांगड़दा निवासी निर्मल राजपूत के रूप में हुई है. वह अपनी महिला मित्र से मिलने उसके फ्लैट पर पहुंचा था. युवक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से मौत संदिग्ध हो गई है. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर महिला मित्र और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने देर रात पड़ोसियों को फ्लैट में निर्मल का शव पड़े होने की सूचना दी थी. इसके बाद पुलिस को बुलाया, मौके पर पहुंची टीम ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए. परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में निर्मल पीछे के रास्ते से महिला के फ्लैट की ओर जाता दिखाई दिया है. महिला अपने पति से अलग रहती है, जबकि निर्मल के परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं. मामले में एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है. युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा. फिलहाल महिला मित्र और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है.
