डेंगू के हॉट स्पॉट का सर्वे करेंगे निगम और स्वास्थ्य विभाग, खाली प्लॉटों में गंदगी पर लगेगा जुर्माना

भोपाल: शहर में डेंगू की रोकथाम के लिए नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से हॉट स्पॉट क्षेत्रों का सर्वे करेंगे. इस दौरान खाली प्लॉटों में पानी जमा मिलने या गंदगी पाए जाने पर मौके पर ही जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी. मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जिला स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की संयुक्त बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने डेंगू की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने कहा कि डेंगू प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में नगर निगम तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें मिलकर सर्वे करें. जहां मच्छरों के पनपने की स्थिति मिले, वहां तत्काल जरूरी कार्रवाई की जाए. उन्होंने साफ-सफाई और पानी के जमाव को रोकने पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि डेंगू के प्रसार पर नियंत्रण किया जा सके.
-गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच के निर्देश
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए फंदा और बैरसिया ब्लॉक में सुमन पंचायत का चयन करने के निर्देश दिए गए. कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी (प्रसवपूर्व देखभाल) पंजीयन किया जाए. इसके साथ ही उनकी समय पर स्वास्थ्य जांच और उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत पडऩे पर समय रहते उपचार मिल सके.
-आभा आईडी और बुजुर्गों के पंजीयन पर जोर
कलेक्टर ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत पात्र नागरिकों की आभा आईडी बनाने का काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों का आधार पंजीयन शत-प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने को कहा. बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और योजनाओं के क्रियान्वयन को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया.

Next Post

दंदरौआ धाम में श्रीमद् भागवत कथा आज से, कथावाचक रमेश भाई ओझा आए, अनूप मिश्रा करा रहे हैं कथा

Wed Oct 28 , 2026
भिण्ड। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम में आज बुधवार, 28 अक्टूबर से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ होगा। महंत महामंडलेश्वर रामदास महाराज के सानिध्य में आयोजित कथा की शुरुआत सुबह 11 बजे भव्य शोभायात्रा से होगी। शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर पूरे गांव की […]

You May Like