
नलखेड़ा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को मां बगलामुखी मंदिर में प्रस्तावित मां बगलामुखी देवी लोक के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन करेंगे. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा मां बगलामुखी देवी लोक का भव्य निर्माण कार्य करवाया जा रहा है, जिसके प्रथम चरण के तहत लगभग 85.40 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है.
मध्यप्रदेश शासन द्वारा स्वीकृत देवी लोक का निर्माण लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर वृहद स्तर पर भव्यता एवं वास्तुशास्त्र के अनुसार किया जा रहा है. प्रारंभिक प्राक्कलन अनुसार प्रथम चरण के कार्यों के लिए लगभग 85.40 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं. प्रथम चरण में मुख्य मंदिर गर्भगृह एवं सुपर स्ट्रक्चर, मुख्य मंदिर कॉरिडोर के प्रवेश एवं निकास द्वारए प्रसाद शॉप जोन के साथ शू स्टैंड, हैंड वॉश एवं मोबाइल डिपॉजिट जोन, पब्लिक अमेनिटीज के तहत टॉयलेट ब्लॉक एवं पार्किंग टॉयलेट ब्लॉक, घाट डेवलपमेंट, विशाल यज्ञ शाला, ड्राइव वेध्रोड निर्माण, साइट लेवलिंग, फिलिंग एवं कम्पैक्शन, विभिन्न प्रकार की बाउंड्री वॉल, प्रोटोकॉल बिल्डिंग, विद्यमान शिव मंदिर क्रमांक 1 एवं 2 का जीर्णोद्धार तथा 18 मीटर, 12 मीटर एवं 9 मीटर चौड़े भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण कार्य किया जाना प्रस्तावित है. इस भव्य निर्माण कार्य में मंदिर कॉरिडोर के भव्य प्रवेश द्वार, विशाल यज्ञ शाला, वाहनों हेतु पार्किंग व्यवस्था, सुंदर घाट निर्माण, प्रसाद काउंटर, पब्लिक सुविधाघर एवं सडक़ निर्माण जैसे प्रमुख कार्य सम्मिलित हैं. देवी लोक के निर्माण से नलखेड़ा में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा श्रद्धालुओं को सर्वसुविधायुक्त दर्शन व्यवस्था प्राप्त हो सकेगी.
