
इंदौर. राजकुमार मिल स्थित सब्जीमंडी तिराहे के पास सार्वजनिक शौचालय के नजदीक प्लास्टिक की बोरी लेकर बैठे युवक को क्राइम ब्रांच ने गांजे के साथ पकड़ा है. बोरी की तलाशी लेने पर उसमें से 4.118 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 41 हजार रुपए है. आरोपी से गांजा सप्लाई करने वाले और उससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
क्राइम ब्रांच की टीम 23 अक्टूबर की रात संदिग्धों की तलाश में निकली थी. इसी दौरान सार्वजनिक शौचालय के पास एक युवक बोरी लेकर बैठा दिखाई दिया. पुलिस को देखकर वह घबराने लगा. संदेह होने पर टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा. पूछताछ में उसने अपना नाम उदय डगला उर्फ मोनू उम्र 24 साल बताया. वह 11वीं तक पढ़ा है और फोटोग्राफी का काम करता है. बोरी की तलाशी में गांजा मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया. डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. आरोपी से गांजे के स्रोत और सप्लायर नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके.
