
परासिया। परासिया–छिंदवाड़ा मार्ग पर गुरुवार शाम करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा से परासिया की ओर आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 28 जेड 03973 के चालक ने ग्राम खिरसाडोह कॉलेज चौराहे पर सड़क किनारे अपने दोस्त का इंतजार कर रहे पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र चिरंजीत इंदौरकर (17) पिता राजपाल, निवासी बड़कुही भोपाल बस्ती को पीछे से टक्कर मारते हुए कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को कुछ दूरी पर पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र था। कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर उसे सरकार की योजना के तहत स्कूटी भी प्रदान की गई थी।
पुलिस ने ट्रक चालक भोलाराम निवासी विष्णुपुरी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ओवरलोड रेत से भरे ट्रक बन रहे जानलेवा
कोयलांचल क्षेत्र की सड़कों पर इन दिनों रेत और गिट्टी से भरे ओवरलोड ट्रक आम लोगों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। गुरुवार को जिस ट्रक ने छात्र को कुचल दिया, उसमें भी रेत भरी हुई थी। बिना रॉयल्टी के सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड वाहन कार्रवाई से बचने के लिए तेज गति से चलते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई और ओवरलोड परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
