
रीवा, विद्युत बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ पूर्व संभाग द्वारा सभी वितरण केन्द्रो में कनेक्शन विच्छेद की कार्यवाही की गई. सभी वितरण केन्द्रों में 300 से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गये. कार्यपालन यंत्री सुशील यादव खुद मौके पर रहकर कनेक्शन कटवाने की कार्यवाही की.
उपभोक्ताओं को लगातार सूचना देने के उपरांत एवं नोटिस देने के उपरांत भी जिनके द्वारा बिजली के बिल का भुगतान नहीं किया गया था और बिजली का बिल लंबित था, उनके विरुद्ध पूर्व संभाग के अंतर्गत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान एवं मास डिस्कनेक्शन की कार्यवाही बिजली विभाग पूर्व संभाग के अंतर्गत वितरण केन्द्र मनगवां, गोविंदगढ़, मानिकवार, रायपुर कर्चुलियान एवं भद्राव वितरण केन्द्र में विद्युत विभाग द्वारा की गई. कार्यपालन अभियंता सुशील कुमार यादव ने बताया कि इस कार्यवाही में अंशुल नारायण सहायक अभियंता, मनीष सिंह कनिष्ठ अभियंता, आर. एस. पाठक कनिष्ठ अभियंता गुढ़, राहुल सिंह कनिष्ठ अभियंता रायपुर कर्चुलियान, पुष्पेन्द्र कुशवाहा कनिष्ठ अभियंता गंगेव, शंकर जयकिशन कनिष्ठ अभियंता मनगवां मौजूद रहे. सतत रूप से कनेक्शन विच्छेद की कार्यवाही चल रही है और अब रवी फसल की बोनी का समय शुरू हो गया है. ऐसे में बगैर कनेक्शन के पम्प का संचालन करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी. बड़े बकायादारों के खिलाफ कुर्की की कार्यवाही होगी जो लम्बे समय से बिल का भुगतान नही कर रहे है.
