
नीमच. नगरपालिका की जमीन पर अवैध रेत भंडारण का मामला एक बार फिर सामने आया है। उमापति महादेव मंदिर के पीछे और पाटीदार छात्रावास के पास खनिज विभाग ने कार्रवाई कर रेत जब्त की। खास बात यह है कि इन स्थानों पर पूर्व में भी अवैध भंडारण पाया जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा रेत जमा होने से निगरानी और कार्रवाई की निरंतरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विभाग की कार्रवाई अन्य स्थानों पर भी जारी है।
खनिज अधिकारी जगन सिंह मिंड के अनुसार, संबंधित स्थानों पर बिना अनुमति रेत का भंडारण मिलने पर जब्ती की कार्रवाई की गई। अब तक तीन-चार डंपर रेत ले जाई जा चुकी है, जबकि शेष रेत की मात्रा का आकलन किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान कारोबारी और विभाग के बीच विवाद की स्थिति बनी। मौके पर जेसीबी के कांच फोडऩे की धमकी की बात भी सामने आई ।
नगरपालिका की जमीन पर बार-बार रेत का अवैध भंडारण सामने आना गंभीर सवाल खड़े करता है। पूर्व में कार्रवाई के बावजूद यदि उन्हीं स्थानों पर दोबारा रेत जमा हो रही है, तो यह देखना जरूरी है कि जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई हुई और रोकथाम के लिए क्या व्यवस्था की गई। केवल रेत जब्त कर लेने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, बल्कि ऐसे भंडारण पर प्रभावी निगरानी और नियमानुसार जिम्मेदारी तय करना भी जरूरी है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अब निगाह इस बात पर है कि कार्रवाई केवल जब्ती तक सीमित रहती है या बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी ठोस कदम उठाए जाते हैं।
