
रीवा, रीवा शहर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बिछिया थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 14 वर्षीय एक छात्रा का दिनदहाड़े बोलेरो सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया. हालांकि पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते बदमाश खुद को घिरता देख छात्रा को बीच रास्ते में ही छोडक़र फरार हो गए. पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर छात्रा को सकुशल दस्तयाब कर लिया है.
दरअसल घटना बिछिया थाना क्षेत्र के विवेकानंद स्कूल के पास की है. दोपहर को जब 14 वर्षीय छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर लौट रही थी, तभी अचानक एक तेज रफ्तार बोलेरो आकर रुकी. गाड़ी में सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने सरेराह छात्रा को जबरन खींचकर गाड़ी में बिठा लिया. इस दौरान छात्रा ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाया और चीख-पुकार शुरू कर दी. व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से मौके पर हडक़ंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह वारदात हुई, छात्रा के माता-पिता और परिजन अपने-अपने काम पर गए हुए थे. घर के बच्चे के अपहरण की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और परिवार में कोहराम मच गया. इधर वारदात की गंभीरता को देखते हुए रीवा पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई. एडीशनल एसपी भावना मरावी के नेतृत्व में बिछिया थाना, समान थाना और सायबर सेल की टीमों को तुरंत एक्टिव किया गया. पुलिस ने शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स और अंदरूनी रास्तों पर तगड़ी नाकेबंदी कर दी. इस बीच चारों तरफ से खुद को पुलिस से घिरता देख अपहरणकर्ताओं के हौसले पस्त हो गए और पकड़े जाने के डर से बदमाश छात्रा को चिरहुला के समीप रास्ते पर ही छोडक़र गाड़ी समेत फरार हो गए.
स्थानीय लोगो पर परिजनों का संदेह
परिजनों की मानें तो छात्रा का अपहरण करने वाले बदमाश कोई बाहरी नहीं, बल्कि स्थानीय और उनके जान-पहचान के ही लोग हैं. रंजिश या किसी अन्य विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है. एडिशनल एसपी भावना मरावी के मुताबिक, पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया है और अब महिला अधिकारियों की मौजूदगी में उसके विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं. सायबर टीम और बिछिया पुलिस की टीमें फरार बोलेरो सवार बदमाशों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
