
शाजापुर, उज्जैन के शिव धाम से शुरू होकर अयोध्या के राम धाम तक जाने वाली ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ आज अपने पांचवें दिन शाजापुर पहुंच चुकी है। लगभग 950 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का शाजापुर में प्रवेश करते ही राम भक्तों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के साथ भव्य स्वागत किया।
शिव धाम से राम धाम की इस पावन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं।
धर्म, स्वाभिमान और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश लेकर निकली सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का उत्साह देखते ही बन रहा है। उज्जैन की पवित्र नगरी से शुरू हुई यह यात्रा मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए अयोध्या में प्रभु श्री राम के चरणों में समाप्त होगी।
शाजापुर पहुंचने पर जगह-जगह यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया।
बाईट: दिग्विजय सिंह (पूर्व मुख्यमंत्री) ने बताया कि “देश में लोकतंत्र और संविधान आज खतरे में है। कई ऐसी संस्थाएं सक्रिय हैं जो देश में नफरत फैला रही हैं, संविधान पर हमला कर रही हैं और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने में जुटी हैं। देश पर कट्टरपंथी विचारधारा हावी हो रही है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य संविधान व लोकतंत्र को बचाना और साथ ही चंदा चोरों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग उठाना है।”
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि देश में बढ़ती नफरत, कट्टरपंथी सोच और संविधान विरोधी ताकतों के खिलाफ एक बड़ा अभियान है। इसके अलावा, राम मंदिर और धर्म के नाम पर ‘चंदा चोरी’ करने वालों पर सख्त कार्रवाई कराने की मांग भी इस यात्रा के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
950 किलोमीटर का यह लंबा सफर आने वाले दिनों में कई और जिलों से होकर गुजरेगा, जहां इसी तरह जनसमर्थन जुटने की उम्मीद है।
WT पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह
